जरा हट के जरा बच के ये है मुंबई…
mumbai meri jaan
मुंबई मेरी जान
कलाकार : माधवन , के . के . मेनन , सोहा अली
डाइरेक्टर : निशिकांत कामत
रेटिंग :**
सत्तर के दशक में ख्वाजा अहमद अब्बास ने मुंबई रात की बांहों में टाइटिल से एक फिल्म बनाई , यह फिल्म भले ही बॉक्स ऑफिस पर कोई करिश्मा नहीं कर पाई हो , लेकिन पहली बार दर्शकों ने समुद्र किनारे बसे चौबीस घंटे जगने वाले इस शहर की जिंदादिली और रंगीनी को पर्दे पर देखा। आज चार दशक बाद जब मुंबई आतंकवादियों की घिनौनी साजिशों के चलते दहशत के साये में है तो भी यहां के लोगों की जिंदादिली को कामत ने अपनी इस फिल्म में पेश किया है।11 जुलाई 2006 को मुंबई की जान कही जाने वाली लोकल ट्रेन में हुए सीरियल धमाकों के बाद इस शहर की एकबारगी थम सी गई जिंदगी को सिर्फ सात दिनों के अंतराल में दोबारा पटरी पर लौट आने की दास्तान को निर्देशक ने एक अलग अंदाज में पेश करने की कोशिश की है।
यह फिल्म है इस हादसे से प्रभावित हुए उन चंद लोगों की , जिनकी जिंदगी पूरी तरह से बदल गई , लेकिन इन सभी ने जिंदगी की रफ्तार को नहीं थमने दिया। फिल्म में सोहा अली खान एक टीवी चैनल की जांबाज रिपोर्टर रुपाली जोशी है , जिसने इन धमाकों में अपने मंगेतर को खोया है , लेकिन चैनल चलाने वालों को लगाता है कि रुपाली के साथ घटी इस घटना को अगर चैनल पर नमक मिर्च लगाकर दिखाया जाए तो उनकी टीआरपी रातों – रात बढ़ जाएगी। वहीं इरफान खान कॉफी वेंडर है , जो साइकल पर काफी बेचकर अपनी फैमिली का गुजारा करता है। दूसरी ओर के . के . मेनन का मानना है कि एक खास समुदाय के लोगों ने इस हादसे को अंजाम दिया है।
परेश रावल पुलिस कॉन्स्टेबल तुका राम है , जिसे इन बम धमाकों के एक हफ्ते बाद रिटायर होना है , उसे इन बम धमाकों से कुछ लेना – देना नहीं है , उसे तो चिंता है अपने आने वाले दिनों की जब वह रिटायर हो जाएगा। फिल्म में माधवन एक ऐसे देशभक्त युवक के रोल में है , जो देश और समाज की खातिर कुछ भी कर सकता है। इस सभी किरदारों के आसपास बुनी कहानी में डाइरेक्टर ने यही दिखाने की अच्छी पहल की है जिंदगी किसी हादसे की मोहताज नहीं , चंद दिनों बाद हर कोई अपनी रफ्तार पकड़ लेता है। फिल्म में सोहा अली खान , इरफान खान , और परेश रावल खूब जमे हैं। अगर आपको लीक से हटकर वास्तविकता को दर्शाती फिल्में पसंद है तो यह फिल्म आपको निराश नहीं करेगी।
mumbai meri jaan
मुंबई मेरी जान
Popularity: 3% [?]