HindiWeb.net

Your Information Partner

हलो ने दिखाया कॉल सेंटर का संसार

Posted by cls On October - 15 - 2008

फिल्म : Hello हलो
कलाकार : सुहैल खान , शरमन जोशी , ईशा कोप्पिकर , अमृता अरोड़ा , गुल पनाग
डाइरेक्टर : अतुल अग्निहोत्री

इस फिल्म की पब्लिसिटी सबसे ज्यादा सलमान – कटरीना के नाम के साथ की जा रही है जो पूरी फिल्म में तीन – चार दृश्यों और एक आइटम सॉन्ग में नजर आते हैं। वहीं सलमान के ब्रदर अरबाज खान का फिल्म में सिर्फ एक सीन है। हां ! अरबाज खान की साली अमृता अरोड़ा और सुहैल खान का जरूर अहम रोल है।

अतुल की यह फिल्म मशहूर अंग्रेजी उपन्यासकार चेतन भगत के नॉविल ‘ वन नाइट ऐट द कॉल सेंटर ‘ पर आधारित है। अतुल ने फिल्म बनाने से पहले चेतन के साथ मिलकर नॉविल को फिल्म का लुक देने के लिए हल्का – फुल्का सा बदलाव किया है। फिल्म की कहानी कॉल सेंटर में एक रात को घटी कुछ घटनाओं से बुनी हुई है। कॉल सेंटर का बॉस बख्शी ( दिलीप ताहिल ) तेज बारिश के बीच यहां काम करने वाले कुछ लोगों श्याम ( शरमन जोशी ), प्रियंका ( गुल पनाग ), ऐषा ( ईशा कोप्पिकर ), वरुण ( सुहैल खान ), राधिका ( अमृता अरोड़ा ), मिलिट्री अंकल ( शरत सक्सेना ) को अचानक ड्यूटी पर बुलाता है।

इस रात के जरिए कॉल सेंटर में काम करने वालों पर हर वक्त दबाव , उनकी मानसिक स्थिति , अपनों से दूर रहने के टेंशन को डाइरेक्टर ने फिल्म में दिखाने की कोशिश की है। लेकिन कमजोर स्क्रिप्ट और बेवजह खींचे दृश्यों के चलते फिल्म इंटरवल से पहले तक भी दर्शकों को बांधने का दम नहीं रखती। दरअसल , फिल्म की शुरुआत में एक रॉक स्टार ( सलमान खान ) को एक अनजानी लड़की ( कटरीना कैफ ) कॉल सेंटर के इन पांच किरदारों की कहानी सुनाती है। किरदारों से परिचय कराने वाला सीन काफी लंबा और बोझिल है। लेकिन फिल्म का क्लाइमेक्स जरूर प्रभावशाली बन पड़ा है जब इन सभी के पास भगवान का फोन आता है और उन्हें अपने छिपे गुणों का एहसास होता है।

सुहैल खान , ईशा कोप्पिकर को छोड़ दें तो बाकी सभी ने निराश किया है। लेकिन अगर आप कॉल सेंटर के अंदर की लाइफ और यहां काम करने वालों की सोच से वाकिफ होना चाहते हैं तो एक बार फिल्म को देखा जा सकता है।

Popularity: 4% [?]

Leave a Reply

Powered by WP Hashcash