अब आप टीवी पर उठा पाएंगे इंटरनेट का लुत्फ,
इंटरनेट पर टीवी देखने का लुत्फ तो आप उठाते ही रहे हैं, आने वाले वक्त में टीवी सेट पर इंटरनेट की कई सुविधाओं का इस्तेमाल भी आप कर पाएंगे। टीवी पर वेबसाइट के कुछ ऐप्लिकेशन जोड़कर इसे नई खूबियों से लैस करने के लिए आईटी कंपनी इंटेल ने सर्च इंजन याहू के साथ एक समझौता किया है। समझौते के जरिए ‘विजेट चैनल’ का निर्माण किया जाएगा, जो टीवी देखते हुए दोस्तों को ई-मेल करने, स्टॉक एक्सचेंज पर नजर रखने या मौसम की जानकारी हासिल करने की सहूलियत देगा।
टीवी पर इंटरनेट आधारित यह सर्विस इंटेल की नई चिप से काम करेगी जिसे खासतौर पर कंस्यूमर्स इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए ही डिजाइन किया गया है। इंटेल के डिजिटल होम ग्रुप के हेड एरिक किम ने बताया कि नई टेक्नॉलजी टीवी पर पर्सनल कंप्यूटर की नकल नहीं है। उन्होंने कहा कि हम टीवी पर इंटरनेट की ऐसी सुविधाएं दे रहे हैं जो इससे पहले कभी नहीं दी गईं।
किम ने कहा कि इंटरनेट और टीवी को जोड़ने की दिशा में पहले की गई कोशिशें इसलिए कामयाब नहीं हो पाईं क्योंकि इंटरनेट लगने के बाद लोगों ने नेट का इस्तेमाल ज्यादा किया और टीवी सेट को इसके मुख्य फंक्शन यानी प्रोग्रैम देखने के लिए कम इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि चूंकि दुनिया भर में एक अरब तीस करोड़ घरों में टीवी सेट है इसलिए इसकी व्यापकता को लेकर कोई सवाल ही नहीं उठता।
कैसा होगा विजेट चैनल: याहू के पैट्रिक बैरी ने विजेट चैनल को अमेरिका के सैन फ्रैंसिस्को में लोगों के सामने पेश किया। उन्होंने कहा कि टीवी में इंटरनेट की फैसिलिटी का मतलब स्क्रीन की साइज के साथ समझौता नहीं है। इस टीवी सेट में स्क्रीन के निचले हिस्से में एक ‘स्निपिट बार’ लगा होता है जिस पर नेट की सुविधा का इस्तेमाल किया जा सकता है। स्निपिट बार को जरूरत पड़ने पर चौड़ा कर इसे साइड बार के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इस क्रम में आप टीवी पर जो प्रोग्राम देख रहे हैं उसमें भी रुकावट नहीं आती। विजेट चैनल की कई खूबियां हैं। इसके जरिए आप ईमेल करने, ऑन डिमांड विडियो डाउनलोड करने और ऑनलाइन शॉपिंग करने का फायदा उठा सकते हैं। व्यूअर्स हजारों विडगेट्स या वेब ऐप्लिकेशन में से अपनी पसंद का चुन पाएंगे।
Popularity: 3% [?]