किचन भी घर के बाकी कमरों की तरह ही महत्वपूर्ण जगह है। बदलते समय के साथ किचन को लेकर भी पारंपरिक धारणा बदली है। मॉडर्न किचन आजकल की लाइफस्टाइल की जरूरतों के हिसाब से बिल्कुल फिट बैठता है। मॉड्यूलर किचन को इस तरह से डिजाइन किया जाता है कि इसमें काम करना और सामान रखना ज्यादा सुविधाजनक हो। आज की महंगाई के दौर में मॉड्यूलर किचन बनवाना ज्यादातर लोगों के लिए सपने जैसा है। अतः पुराने किचन को ही रेनॉवट कर बना सकते हैं मॉड्यूलर किचन की तरह ही स्टाइलिश और खूबसूरत।
पेंट से बदलें लुक
घर के किसी भी कमरे का लुक बदलने का सबसे बेहतरीन और कम खर्च का उपाय है पेंट। पुराने किचन को रेनॉवट कराने के लिये सबसे पहले उसे नए सिरे से पेंट करवाएं। किचन की दीवारों पर लाइट और पेस्टल शेड्स जैसे वाइट, पिंक, आईवरी, हल्का हरा आदि करवाएं।
बदल डालें हैंडल्स
बाहरी खूबसूरती सबको लुभाती है। इसके लिए किचन के दरवाजे, खिड़की, कबर्ड और दराज के सभी हैंडल्स बदल डालें। बाजार में कई तरह की मेटल्स से बने विभिन्न डिजाइन के फैशनबल हैंडल आसानी से मिल जाते हैं। अपने बजट के अनुसार इन्हें खरीद सकते हैं।
मार्बल और स्टोन
मार्बल और स्टोन किचन के लुक को बदलने में काफी मददगार होते हैं। इन्हें किचन के फर्श और स्लैब पर प्रयोग करें। आजकल किचन की स्लैब पर ग्रीन और ब्लैक स्टोन लगाने का काफी चलन है।
किचन के लिए खास टाइल्स
समय के साथ हर चीज में बदलाव आया है। पहले लोग किचन में सफेद रंग की टाइल्स का ही प्रयोग करते थे। लेकिन आज कई टाइल कंपनियां खासतौर से किचन के लिए अलग से टाइल्स डिजाइन करती हैं। अतः किचन का लुक बदलने के लिए फैशनबल टाइल्स को अपना सकते हैं। आजकल किचन टाइल्स के सेट में दो कंट्रास्ट कलर (लाइट और डार्क) की टाइल्स, बॉर्डर और खूबसूरत मोटिफ होता है। बेशक किचन टाइल सेट थोड़ा महंगा होता है, लेकिन इसके लगाने से किचन की खूबसूरती देखते ही बनती है।
फर्श भी लगे नया
अगर किचन का फर्श कहीं से टूट रहा है, कहीं से अंदर की ओर धंस गया है या फिर मार्बल के फर्श की चमक कम हो गई है, तो किचन का नया फर्श बनवाएं। किचन के फर्श के लिए बाजार में मिलने वाले तरह-तरह की टाइल्स को अपना सकते हैं, जैसे विनायल टाइल, सेरेमिक टाइल, लैमिनेटिड टाइल आदि। यदि फर्श सफेद या मार्बल चिप्स का बना है, तो उस पर चमक लाने के लिए घिसाई करवाएं।
संभलकर खरीदें कबर्ड
किचन के लिए कबर्ड खरीदते समय किचन के एरिया का अवश्य ध्यान रखें। कबर्ड का बाहरी लुक तो खूबसूरत होना ही चाहिए, साथ ही उसमें खूब स्पेस भी होना चाहिए, जिससे किचन में इस्तेमाल होने वाला रोजमर्रा का सारा सामान उसमें आसानी से आ जाए।
प्लंबर और इलेक्ट्रिशन की मदद लें
किचन को खूबसूरत बनाने के लिये किचन में मौजूद सभी नलों को मौजूदा फैशन के अनुसार बदलें। आजक्ल स्टेनलेस स्टील से बने विभिन्न डिजाइनों के टेप प्रचलन में हैं। इसी तरह से इलेक्ट्रिशन की मदद से किचन में स्टाइलिश और फैंसी स्विच, स्विच बोर्ड और लाइट्स लगवाएं।
Popularity: 5% [?]